त्यौहारी सीजन से पहले पुलिस कर्मियों की छुट्टियां निरस्त, आदेश जारी

खबरें शेयर करें

काशीपुर/बाजपुर। आगामी मेलों व त्यौहारों को देखते हुए जनपद ऊधमसिंहनगर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने देर रात करीब 12:30 बजे चौकी दोराहा में विशेष बैठक ली। इस दौरान काशीपुर व बाजपुर सर्किल के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि दशहरा पर्व सहित अन्य त्यौहारों पर पुलिस बल की जिम्मेदारी और सतर्कता और अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने आदेशित किया कि त्यौहार सीजन में पुलिस बल की सभी छुट्टियां निरस्त रहेंगी। रात्रि गश्त व पैदल गश्त बढ़ाई जाए तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन निगरानी रखी जाए।

 

उन्होंने दशहरा पर्व पर रावण दहन स्थलों का भौतिक सत्यापन, आयोजन समितियों से समन्वय और यातायात व भीड़ नियंत्रण हेतु विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। बाज़ारों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर भी जोर देते हुए ज्वैलर्स, मोबाइल शोरूम संचालकों व सर्राफा व्यापारियों के साथ समन्वय करने और सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने के आदेश दिए।

 

त्यौहारों पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए मावा, मिठाई, पनीर, तेल-घी पर सघन चेकिंग अभियान चलाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

एसएसपी ने कहा कि शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार सम्पन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *