छात्रसंघ नामांकन फायरिंग का खुलासा तीन शातिर अपराधी गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। छात्रसंघ अध्यक्ष पद के नामांकन के दौरान हुई फायरिंग प्रकरण का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अपराधियों को दबोच लिया। एक आरोपी के पास से अवैध तमंचा भी बरामद हुआ है।

 

गौरतलब है कि 24 सितम्बर को रुद्रपुर डिग्री कॉलेज गेट पर नामांकन के दौरान दो गुटों में विवाद इतना बढ़ा कि गाली-गलौज के बीच फायरिंग शुरू हो गई थी। पुलिस के पहुँचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए थे। इस मामले में थाना रुद्रपुर में मुकदमा संख्या 478/2025 दर्ज किया गया, जिसमें बीएनएस की धाराएँ 109, 125, 352, 190, 191, 191(3) लगाई गईं।

 

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर छानबीन की। मुखबिर की सूचना पर ब्लॉक रोड रुद्रपुर और बंसल धर्मकांटा, किच्छा रोड से घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

गिरफ्तार आरोपियों में बरेली निवासी रखवीर सिंह, रुद्रपुर का दानिश और दिनेशपुर का गुरपेज सिंह शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार तीनों के खिलाफ पहले से ही कई मुकदमे दर्ज हैं। दानिश पर हत्या के मुकदमे दर्ज रह चुके हैं, जबकि गुरपेज सिंह फसियापुर गोलीकांड में नामजद रह चुका है।

 

इसके अलावा पुलिस ने मुकदमे में जस्सी कचूरा, मनप्रीत उर्फ गोपी, अभय सक्सैना, चेतन मागढ़, सत्यम, गगन रतनपुरिया, विक्रम जानी भाटिया, प्रिंस शर्मा, हेमंत मिश्रा, चंदन यादव, रवि रावत, आकाश यादव, आशीष यादव समेत कई अन्य को नामजद किया है। विवेचना जारी है।

 

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि अपराधियों और अराजक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कॉलेज परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर अराजकता फैलाने वालों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

 


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *