किच्छा में पारिवारिक विवाद बना खूनी संघर्ष, फायरिंग में युवक की मौत, एक घायल

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जनपद के किच्छा क्षेत्र के ग्राम दरऊ में सोमवार सुबह पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। अकरम खान और रेहान खान पक्ष के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया, जिसमें 19 वर्षीय युवक आदिल की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।

 

सुबह करीब 11:30 बजे मस्त बाबा पेंट स्टोर के बाहर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कई राउंड फायरिंग शुरू हो गई। गोलियां दुकानों के बाहर रखे टिन के केबिनों को चीरती हुई निकल गईं। गोली लगने से अकरम खान का बेटा आदिल गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरे पक्ष का राहत खान भी जख्मी हो गया। आदिल को सीएचसी किच्छा से हल्द्वानी रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

 

आरोप है कि फायरिंग के बाद रेहान खान पक्ष के लोग अकरम के घर में घुसकर भी ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगे। इस घटना में भाजपा नेता साजिद खान की कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

 

सूचना पर सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी, प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार और पुलभट्टा एसओ प्रदीप मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और हालात काबू में लिए। पुलिस ने गांव में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दिया है ताकि स्थिति न बिगड़े।

 

गौरतलब है कि दोनों पक्ष पहले भी कई बार आपस में भिड़ चुके हैं और भाजपा-कांग्रेस की राजनीतिक खेमेबाजी ने इस विवाद को और गहरा दिया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *