टांडा जंगल में मिले शव की शिनाख्त हुई, मृतक की बहन ने की पहचान, दिल्ली से घर लौट रहा था युवक

खबरें शेयर करें

पंतनगर – संजय वन क्षेत्र में मिले युवक के शव की गुत्थी अब काफी हद तक सुलझती नजर आ रही है। मंगलवार को मृतक की बहन पंतनगर थाने पहुंची और शव की पहचान अपने भाई भूपेंद्र सिंह के रूप में की।

भूपेंद्र सिंह पुत्र नंदन सिंह चुफाल उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम मूर्ति नापड़, थाना थल, जिला पिथौरागढ़ हाल ही में दिल्ली में रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल शक्ति सिंह नेगी के घर घरेलू कार्य के लिए गया था। जानकारी के अनुसार, उसे वहां काम करते हुए केवल एक माह ही हुआ था। लेफ्टिनेंट कर्नल नेगी दिल्ली में अकेले रहते हैं और उनके कोई संतान नहीं हैं।

भूपेंद्र की बहन ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल खबर और फोटो देखकर वह पंतनगर थाने पहुंची, जहां उसने शव की शिनाख्त अपने भाई के रूप में की। उसने यह भी बताया कि भूपेंद्र दिल्ली से अपने घर थल लौट रहा था। उसकी पत्नी अभी थल स्थित घर पर ही रह रही है।

गौरतलब है कि सोमवार को संजय वन से लगभग दो किलोमीटर आगे जंगल में एक गड्ढे में युवक का शव संदिग्ध हालात में मिला था। शव कपड़े से ढका हुआ था और गले पर रस्सीनुमा वस्तु से गला घोंटे जाने के निशान थे। शव की हालत और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इसे हत्या का मामला माना है।

थाना प्रभारी सुंदरम शर्मा ने बताया कि मृतक की शिनाख्त हो चुकी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दिल्ली से थल की यात्रा के दौरान युवक पंतनगर कैसे पहुंचा और उसकी हत्या किन परिस्थितियों में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जो मौत का कारण स्पष्ट करने में मदद करेगी। साथ ही दिल्ली और मृतक के पारिवारिक तथा सामाजिक संपर्कों की भी जांच की जा रही है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *