विदेश भेजने के नाम पर 11.29 लाख की ठगी, सितारगंज निवासी ने एसएसपी से लगाई गुहार

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सितारगंज निवासी हरप्रीत सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर को शिकायती पत्र देकर रुद्रपुर निवासी राज घई और उसकी पत्नी शशि घई पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

शिकायत के अनुसार, वर्ष 2023 में राज घई ने खुद को लोगों को विदेश भेजने वाला बताते हुए हरप्रीत सिंह के बेटे गुरप्रीत सिंह को ऑस्ट्रेलिया भेजने का भरोसा दिलाया। इसके एवज में 13 लाख रुपये की डील तय हुई। 27 मई 2023 को राज घई व उसकी पत्नी पीड़ित के घर पहुंचे और 75 हजार रुपये नकद लिए। उसी दिन 25 हजार रुपये उनके एक परिचित से भी वसूले। शेष रकम दिल्ली स्थित इंडसइंड बैंक खाते में ट्रांसफर करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद अगस्त 2023 में पीड़ित के बेटे और पत्नी के खातों से कुल 10 लाख 29 हजार 500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इस तरह आरोपी ने कुल 11 लाख 29 हजार 500 रुपये हड़प लिए।

 

हरप्रीत सिंह का कहना है कि तय समय बीतने के बावजूद बेटे को विदेश नहीं भेजा गया। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो 9 अगस्त 2024 को उनके भाई इंद्रजीत सिंह राज घई के प्रतिष्ठान पहुंचे। उस समय राज घई ने कहा कि गुरप्रीत की फाइल खारिज हो गई है और 30 अगस्त तक पूरी रकम लौटा देगा। लेकिन तय समय तक रुपये लौटाए नहीं गए।

 

शिकायतकर्ता के अनुसार रकम मांगने पर आरोपी ने फोन पर गाली-गलौज की और धमकी दी कि यदि दोबारा पैसे मांगे तो अंजाम बुरा होगा। पीड़ित ने सितारगंज कोतवाली में तहरीर दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर अब एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *