रुद्रपुर: कांग्रेसियों ने किया सत्याग्रह, राहुल की सांसदी खत्म करने पर केंद्र सरकार को कोसा

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता समाप्त किये जाने के विरोध में कांग्रेसियों ने रविवार को यहां गांधी पार्क में गांधी जी की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह किया और केन्द्र सरकार को जमकर कोसा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा के सभी जिला मुख्यालय पर सत्याग्रह के आहवान पर रविवार को उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी एवं कांग्रेस कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा व पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा की अगुवाई में जिले भर के कांग्रेसी गांधी पार्क स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष एकत्र हुए। महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कांग्रेसियों ने केन्द्र की भाजपा सरकार के खिलाफ सत्याग्रह किया। इस अवसर पर उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार लोकतंत्र को तहस नहस कर रही है। विपक्ष की आवाज को कुचला जा रहा है। जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है उसे किसी न किसी तरह से प्रताड़ित करके उसकी आवाज को दबाया जा रहा है। भाजपा सरकार की यह तानाशाही ब्रिटिश हुकुमत की याद दिलाती है। भाजपा सरकार देश में एकतरफा राज करने की नीति से विपक्ष को लगातार सत्ता की हनक में कमजोर कर रही है। भाजपा की इस तानाशाही को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। कांग्रेस जनता की अदालत में जायेगी और भाजपा की ऐसी नीतियों का डटकर विरोध करेगी।

कार्यकारी जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता रद करना भाजपा की बौखलाहट है। संसद में अडानी और मोदी के रिश्ते को लेकर राहुल गांधी ने जो सवाल किए उससे सरकार बौखला गई है। विपक्षी लगातार केंद्र सरकार की गलत नीतियों और प्रमुख उद्योगपति को पनाह देने की नीति के खिलाफ विरोध कर रहा है, लेकिन सरकार तानाशाही पर उतर आई है। देश मे दस वर्षों में महंगाई से आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है, कभी गैस के दामों में बढ़ोत्तरी को लेकर कांग्रेस सरकार को कोसने वाली भाजपा आज गैस के तिगुने दाम क्यों वसूल रही है? भ्रष्टाचारमुक्त का दावा केवल विपक्षियों पर सत्ता की हनक दिखाने के लिए ही किया जा रहा है।

विधायक का चुनाव लड़ चुकी मीना शर्मा ने कहा कि जैसे भारत की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की सदस्यता खारिज की थी और उस समय जवाब में देश के जनमानस ने स्वर्गीय इंदिरा गांधी जी को पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में पहुंचाया था। आज आम आदमी की आवाज राहुल गांधी की सदस्यता खारिज की है। देश की जनता फिर से राहुल गांधी को सम्मान देकर इतिहास दोहराएगी। मोदी सरकार का देश के संविधान और लोकतंत्र पर विश्वास नहीं है इसलिए भाजपा सरकार ने तानाशाही से विपक्षी नेताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे लिखवाकर इसे अपना हथियार बना लिया है।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन, महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा, महानगर अध्यक्ष जगदीश तनेजा, हरीश पनेरू, अनिल शर्मा, सौरभ चिलाना, संजीव कुमार सिंह, मदन लाल खन्ना, मोहन खेड़ा, कार्यकारी महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा, ममता रानी, विजय यादव, सुनील आर्य, सतीश राजपूत,परिमल राय, नित्यानंद मंडल, भूपेंद्र चौधरी, डा- अजय कुमार सिंह, रविन्द्र गुप्ता, राम प्रसाद, ममता हालदार, उमा सरकार, रामकृष्ण सैनी, राघव सिंह, आशीत बाला, रंजीत तिवारी, साजिद खां, ओमप्रकाश दुआ, ओकार सिंह, बाबू खान, हाजी नवी रजा, जकी रजा, तारक बाछाड़ा, विकास सरकार, देवेंद्र शाही, मुन्ना तिवारी, सलीम अहमद खां, विजय अरोरा, संजीव रस्तौगी, मोनिका ढाली, शुभम रस्तौगी,रियाज सैफी, जाकिर खान, लक्की खान, संजय कोली, संजय सिंह, दीपक सिंह, सुमन सिंह, प्रकाश शर्मा, मुकेश सिंह, मुख्त्यार,जतिन कोली,बाली कोली, निशांत शाही, बॉबी कोली, अमित कोली, अंकित कोली, अंकित पाल आदि मौजूद रहे।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *