छत पर पी शराब और चार शोरुम का किया माल साफ

रुद्रपुर लोकपथ संदेश
रुद्रपुर में चोरों ने मटके वाली गली में स्थित चार शोरूम से लाखों की नगदी और सामान पार कर लिया। एक निर्माणाधीन प्रतिष्ठान से चोर छत पर गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि छत पर शराब की खाली बोतल मिली है। ऐसे में अंदेशा है कि शराब पीने के बाद उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
मुख्य बाजार में मटके वाले गली में रेड चीफ, रिपब्लिक ग्लोबल शोरूम, स्पाइकर और ब्लैकबेरी का शोरूम है। पुलिस को अंदेशा है कि चोर इन शोरूम के बगल में निर्माणाधीन भवन में बनी सीढ़ियों के जरिए छत तक गए।
रिपब्लिक ग्लोबल शोरूम के स्वामी आदित्य भनौर ने बताया कि शो-रूम का गल्ला तोड़कर चोर करीब 4.80 लाख की नगदी ले गए हैं। ब्लैकबेरी शोरूम के स्वामी अंकित नरूला ने बताया कि उनके शो-रूम से करीब दो से ढाई लाख की नगदी चोरों ने उड़ाई है। स्पाइकर शोरूम के स्वामी मधुर मेंहदीरत्ता ने बताया कि उनके प्रतिष्ठान से चोर एक लैपटॉप, कपड़े और 48 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ले गए हैं। वहीं रेड चीफ शोरूम के मैनेजर गोविंद ने बताया कि शो-रूम के गल्ले में चोरों ने छह हजार रुपये उड़ा लिए। सीसीटीवी फुटेज में तीन मुंह ढके हुए चोर दिख रहे हैं। पुलिस फ्रिंगर प्रिंट आदि लिए गए हैं। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। जल्द चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।
