शेयर ट्रेडिंग के नाम पर साइबर ठगी, एक करोड़ से ज्यादा की रकम गवाई

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर में एक व्यक्ति साइबर ठगों का शिकार हो गया। पीड़ित ने इंटरनेट मीडिया पर एक विज्ञापन देखा और सात जून 2025 को दिए गए लिंक पर क्लिक कर एक व्हाट्सएप ग्रुप जॉइन किया। ग्रुप में मौजूद व्यक्ति ने खुद को शून्य बाय फिनवेसिया सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड का प्रतिनिधि सर्वजीत सिंह विर्क बताया। वह खुद को निवेश सलाहकार और बाजार विश्लेषक बताते हुए दिनभर ग्रुप में संदेश साझा करता था।

 

14 जून से छह जुलाई के बीच पीड़ित उसके बताए अनुसार शेयर ट्रेडिंग करता रहा। सात जुलाई को उसे वीआईपी प्रोग्राम से जुड़ने के लिए कहा गया, जिसमें 10 प्रतिशत कमीशन पर न्यूनतम 50 प्रतिशत लाभ का वादा किया गया। इसके लिए उसे शूनैक्सएचएनआइ नामक एप डाउनलोड कराया गया।

 

एप के जरिए ठग उससे लगातार संपर्क करते रहे। कस्टमर सपोर्ट के नाम पर भी व्हाट्सएप से बातचीत होती रही। ठगों के झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग खातों में कुल एक करोड़ सात लाख 25 हजार रुपये जमा कर दिए। 19 जुलाई को उसने पांच हजार रुपये निकालने में सफलता पाई, लेकिन इसके बाद बार-बार प्रयास करने पर भी राशि नहीं निकली।

 

तीन सितंबर को ठगों ने पीड़ित को व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद उसे समझ आया कि वह बड़े साइबर फ्रॉड का शिकार हो चुका है। पीड़ित ने पुलिस में तहरीर देकर आरोपियों पर कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।

 

साइबर थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर धोखाधड़ी की गई है। जांच शुरू कर दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *