कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पति के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा, सोशल मीडिया में आया भावुक वीडियो

कैबिनेट मंत्री की तहरीर पर आरोपी गिरधारी लाल साहू पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज

देहरादून लोकपथ संदेश ब्यूरो

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए देहरादून के कैंट थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। यह मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। बकायदा कैबिनेट मंत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया है। जिसमें उन्होंने अपने पति पर तमाम आरोप लगाए हैं। खुद महिला सशक्तिकरण और बाल विकास मंत्री के अपने ही पति पर उत्पीड़न समेत तमाम आरोप लगाये जाने के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है।
पुलिस को दी तहरीर में रेखा आर्या ने शादी से पहले पति के पूर्व विवाह और बच्चों की जानकारी छिपाने, दूसरी महिलाओं से संबंध रखने, विरोध करने पर मारपीट, जान से मारने की धमकी , जातिसूचक शब्द का प्रयोग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया में जारी वीडियो के एक ऑडियो का ज्रिक करते हुए खुद की और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। वहीं तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया है।