रुद्रपुर लोकपथ संदेश ब्यूरो
बिहार से बस में 14 किलो गांजा लेकर आए एक आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया। दो बैग में 14 बंडल में आरोपी गांजा छुपाकर आया था लेकिन रुद्रपुर पुलिस को चकमा नहीं दे पाया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी अजय गणपति ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। इसको लेकर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस लगातार चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी कर रही है। पुलिस ने रोडवेज बस अड्डे रुद्रपुर से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
तलाशी में आरोपी के कब्जे से 2 बैग बरामद हुए। इसमें 14 बंडलों में करीब 14 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जोगेन्द्र कुमार पुत्र रामसेवक यादव, निवासी जयपुर, थाना मेहंदिया, जिला अरवल, बिहार बताया। रोडवेज की बस में वह गांजा लेकर आया था। आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम में एसआई प्रदीप कुमार, चौकी प्रभारी बाजार चौकी, एसआई दीपक बहुगुणा, कांस्टेबल प्रवीन रावत शामिल रहे।

