सिविल अस्पताल के पास मकान में आग, कमरे में सो रहा दिल्ली का युवक झुलसा, घरेलू सामान जलकर राख, पुलिस ने शुरू की जांच।

खबरें शेयर करें

उत्तराखंड के मसूरी में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। मसूरी सिविल अस्पताल के पास स्थित एक मकान के कमरे में अचानक आग लग गई, जिसमें झुलसकर एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक युवक की जान जा चुकी थी।

जानकारी के अनुसार, मसूरी सिविल अस्पताल के समीप संजीव गोयल के मकान में दिल्ली निवासी गौरव टुटेजा किराये के कमरे में रह रहा था। गौरव पिछले करीब दो हफ्तों से यहां ठहरा हुआ था। शुक्रवार यानी 16 जनवरी की शाम अचानक उसके कमरे से धुआं उठता दिखाई दिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि गौरव ने हाल ही में अपने कमरे के लिए एक रूम हीटर खरीदा था। शुक्रवार देर शाम जब कमरे से लगातार धुआं निकलता देखा गया तो इसकी सूचना तत्काल मकान मालिक को दी गई। दरवाजा खोलने पर देखा गया कि कमरे में हीटर जल रहा था और आग तेजी से फैल चुकी थी। बिस्तर सहित कमरे का अन्य घरेलू सामान पूरी तरह आग की चपेट में आ चुका था।

कमरे के भीतर गौरव टुटेजा हीटर के पास जली अवस्था में जमीन पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। प्राथमिक जांच में युवक की मौके पर ही मौत होने की पुष्टि हुई।

मसूरी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। गौरव की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है, हालांकि प्रथम दृष्टया हीटर से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *