पुलिस पर हमला, बाइक साइलेंसर से पटाखे फोड़ने की शिकायत पर बिफरे परिजन

खबरें शेयर करें

लक्सर। हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के मुंडाखेड़ा खुर्द गांव में पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। बाइक के मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज निकालने की शिकायत पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों पर युवक के परिवार ने हमला कर उनकी वर्दी फाड़ डाली। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।

 

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी प्रदीप ने कंट्रोल रूम को सूचना दी थी कि भास्कर नाम का युवक अपने घर के बाहर बाइक साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाजें निकालकर लोगों को परेशान कर रहा है। सूचना मिलने पर हेड कांस्टेबल मनोज मिनान और रविंद्र नागर मौके पर पहुंचे। भास्कर घर पर नहीं था, तो पुलिसकर्मियों ने उसके पिता धूम सिंह को समझाया कि बेटे को दोबारा ऐसा न करने की चेतावनी दें।

 

थोड़ी दूर जाने पर धूम सिंह, उसकी पत्नी, भाई और भाभी ने पुलिसकर्मियों को रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। झड़प के दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी फट गई और उन्हें चोटें आईं। घायल पुलिसकर्मियों ने किसी तरह कोतवाली को सूचना दी।

 

सूचना पर उपनिरीक्षक दीपक चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने हेड कांस्टेबल मनोज मिनान की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

 

कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाजें निकालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *