सीएम धामी ने दिखाई सख्ती: सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायत पर नाराजगी, अधिकारियों को एक हफ्ते में जांच के निर्देश

खबरें शेयर करें

देहरादून। जनता की समस्याओं का समय पर निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित सीएम हेल्पलाइन 1905 की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।

 

दरअसल, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय, टिहरी की छात्रा साक्षी ने डिग्री न मिलने की शिकायत हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी, लेकिन उसका समाधान नहीं हुआ। इस पर नाराजगी जताते हुए सीएम धामी ने सचिव आईटी और सचिव उच्च शिक्षा को मामले की जांच एक हफ्ते में पूरी करने और संबंधित अधिकारी पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभ्यर्थी को एक सप्ताह के भीतर डिग्री उपलब्ध कराई जाए। छात्र-छात्राओं की शिकायतों के समाधान के लिए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेवा के अधिकार के तहत मिलने वाली सभी सेवाओं का विवरण कार्यालयों के डिस्प्ले बोर्ड पर दर्ज होना चाहिए।

 

सीएम धामी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों का समाधान निर्धारित समयसीमा में न करने वालों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही 3 माह से अधिक समय से लंबित शिकायतों को अभियान चलाकर निस्तारित करने पर जोर दिया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि समस्याओं का समाधान तभी माना जाएगा, जब शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट हो। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग हर महीने की 5 तारीख तक हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की स्थिति रिपोर्ट सीएम कार्यालय में प्रस्तुत करें।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *