जगतपुरा कांड : कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, 15 नामजद और कई अज्ञात आरोपी

खबरें शेयर करें

रूद्रपुर। थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के मोहल्ला जगतपुरा में हुए बवाल और हमले के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 नामजद व कई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रार्थी निसार अहमद निवासी जगतपुरा ने कोर्ट में दी तहरीर में आरोप लगाया कि 21 अगस्त की रात उनके पुत्र साजिद का विवाद फैजान और उसके साथियों से हुआ था। विवाद के बाद समझौते की कोशिश की गई, लेकिन देर रात करीब 11 बजे फैजान, अकरम, रिहान सहित दर्जनों लोग अवैध असलहों व लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पर हमला बोल बैठे।

 

आरोप है कि हमलावरों ने प्रार्थी व परिवार को जान से मारने की नीयत से जमकर पथराव किया। इसमें निसार अहमद, उनके पुत्र साजिद, साल अबरार समेत राह चलते दो लोग घायल हो गए। हमले की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुईं, लेकिन आरोपियों ने कैमरा तोड़ डाला और हवाई फायरिंग करते हुए जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलें व स्कूटी क्षतिग्रस्त कर दी गईं।

 

निसार अहमद ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनकी पत्नी अकीला के कपड़े फाड़े, जेवर व मोबाइल छीन लिए और उनके पुत्र साजिद का फोन भी छीन लिया। प्रार्थी का कहना है कि घटना की रिपोर्ट थाना ट्रांजिट कैंप में दर्ज कराने गए, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने डाक से तहरीर भेजी, फिर भी कोई सुनवाई न होने पर न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।

 

कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अब 15 नामजद और अन्य अज्ञात पर धारा 175(3) बीएनएसएस व अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *