यूकेएसएसएससी पेपर लीक कांड में एक और बड़ी कार्रवाई, दारोगा और सिपाही सस्पेंड

खबरें शेयर करें

हरिद्वार। यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले में कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। मुख्य आरोपी खालिद और उसकी बहन साबिया की गिरफ्तारी के बाद अब लापरवाही बरतने वाले अफसर-कर्मचारी भी कार्रवाई की जद में आ गए हैं। असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन और सेक्टर मजिस्ट्रेट के निलंबन के बाद हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने अब दारोगा और सिपाही को भी निलंबित कर दिया है।

 

निलंबित पुलिसकर्मियों में सब इंस्पेक्टर रोहित कुमार और कांस्टेबल ब्रह्मदत्त जोशी शामिल हैं। दोनों की ड्यूटी परीक्षा केंद्र आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज, बहादरपुर जट में लगी थी। आरोप है कि परीक्षा केंद्र पर दोनों ने ड्यूटी के दौरान न तो सतर्कता दिखाई और न ही संवेदनशीलता बरती, जिसके चलते पेपर लीक की घटना हुई। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए एसएसपी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई कर दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

 

मामले की जांच सीओ रुड़की नरेंद्र पंत को सौंपी गई है। उन्हें एक सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

 

बता दें कि 21 सितंबर को हुई परीक्षा के दौरान मुख्य आरोपी खालिद जैमर न होने वाले कमरे से बाहर निकला और पेपर की फोटो खींचकर बहन साबिया को भेजी। इसके बाद पेपर प्रोफेसर सुमन तक पहुंचा, जिसने इसे पुलिस को देने के बजाय बॉबी पंवार को भेजा और मामला वायरल हो गया। इस पूरे घटनाक्रम ने न केवल परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए, बल्कि परीक्षा संचालन व्यवस्था की पोल भी खोल दी।

 

सरकार अब तक असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन और परियोजना निदेशक केएन तिवारी को निलंबित कर चुकी है। वहीं, पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब दारोगा और कांस्टेबल पर भी कार्रवाई यह संदेश दे रही है कि पेपर लीक प्रकरण में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *