पंतनगर की दो कॉलोनियों के 800 परिवारों ने मांगा पुनर्वास’

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर, संवाददाता। पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की कवायद अब स्थानीय विवाद का रूप लेती दिख रही है। संजय कॉलोनी और मस्जिद कॉलोनी के सैकड़ों परिवारों के घरों पर प्रशासन ने निशान लगा दिए हैं, जिससे लोगों में डर और गुस्सा दोनों है। गुरुवार को प्रभावित परिवारों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर पुनर्वास की मांग उठाई।
पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार होते ही उसके दायरे में आ रही दशकों पुरानी संजय कॉलोनी और मस्जिद कॉलोनी पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। यहां करीब 700 से 800 परिवार रहते हैं। गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग कलक्ट्रेट पहुंचे और बैठक कर अपनी पीड़ा सामने रखी। मौके से गुजर रहे सांसद अजय भट्ट को भी उन्होंने अवगत कराया। इसके बाद मेयर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और नगर पालिका अध्यक्ष सचिन शुक्ला के साथ जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया से मिलकर ज्ञापन सौंपा। स्थानीय लोगों का कहना है कि 1960 के दशक से यहां बसावट शुरू हुई थी और तब कभी किसी ने आपत्ति नहीं की। अब अचानक उजाड़े जाने की तैयारी अमानवीय है। गरीब परिवारों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि वे एकदम से कहां जाएंगे। उन्होंने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने और भूमिहीनों के लिए चिह्नित जमीन या अन्य सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वास की मांग की।वहीं डीएम भदौरिया ने कहा कि एयरपोर्ट सिक्योरिटी ने कॉलोनियों में बने ऊंचे ढांचों पर आपत्ति जताई है और अतिक्रमण हटाना जरूरी है। हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि पुनर्वास से जुड़ा प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *