मनसा देवी मंदिर में भगदड़ से बड़ा हादसा, 6 श्रद्धालुओं की मौत, 35 घायल, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

खबरें शेयर करें

उत्तराखंड की धार्मिक नगरी हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में शनिवार सुबह दर्शन के दौरान अफरातफरी मच गई। करंट लगने की अफवाह के बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 35 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन विभाग के अधिकारी राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं।

हरिद्वार प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, हादसे में जिन छह लोगों की मौत हुई है, उनमें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के श्रद्धालु शामिल हैं। मृतकों में 12 वर्षीय आरुष (बरेली), 19 वर्षीय विशाल (रामपुर), 18 वर्षीय विक्की (रामपुर), 18 वर्षीय विपिन सैनी (काशीपुर), वकील (बाराबंकी), और शांति देवी (बदायूं) शामिल हैं।

घायलों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के श्रद्धालु शामिल हैं। पांच गंभीर घायलों को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है, जबकि अन्य 23 घायलों का इलाज हरिद्वार जिला चिकित्सालय में चल रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी हरिद्वार एसडीएम जितेंद्र कुमार को सौंपी गई है।

सीएम धामी ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर दुख जताया है और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

फिलहाल मंदिर क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि हादसे की असल वजह क्या थी।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *