ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, इनामी साइबर ठग बरेली से गिरफ्तार; ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर की थी लूट..

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के कड़े तेवर और अपराध पर लगाम लगाने की मुहिम के तहत पुलभट्टा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 5,000 के इनामी साइबर ठग तस्लीम को बरेली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ऑनलाइन ट्रेडिंग के बहाने युवक को होटल में बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

होटल में बंधक बनाकर की गई थी लूट

बरेली निवासी फैसल रियाज ने पुलभट्टा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 मई को पत्रकार शाहबाज बेग, तस्लीम, शाहिद अली और बच्चन सैफी ने उसे होटल में बुलाया और तमंचे के बल पर 8,000 नकद, आधार कार्ड, जरूरी कागजात और 31,233 डिजिटल कॉइन लूट लिए। मामला गंभीर होने पर एफआईआर दर्ज की गई।

स्पेशल टीम ने पकड़ा इनामी बदमाश

एसएसपी के आदेश पर एसपी सिटी, एसपी क्राइम और सीओ सितारगंज के निर्देशन में थानाध्यक्ष पुलभट्टा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। 13 जून को पुलिस ने चौपाला चौराहा, बरेली से 5,000 के इनामी बदमाश तस्लीम पुत्र मुजम्मिल निवासी गोविंदापुरा को धर दबोचा।

मोबाइल और नकदी बरामद, गिरोह से जुड़े अहम सुराग मिले

गिरफ्तारी के वक्त तस्लीम के पास से एक मोबाइल (वीवो B29) और 1,500 नकद बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि उसने फैसल के डिजिटल कॉइन अपने वॉलेट में ट्रांसफर किए थे, जो बाद में उसने शाहबाज बेग को बेच दिए। बदले में उसे 10,000 मिले थे।

तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

इस मामले में शाहबाज बेग और बच्चन सैफी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार तस्लीम को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज़ और निर्णायक रहेगी। ऊधमसिंहनगर में कानून का राज स्थापित करने का संकल्प अडिग है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *