रुसी अटैक के बाद लगभग 17 हजार भारतीयों ने यूक्रेन बॉर्डर छोड़ा, अब तक 15 उड़ानों में 3,352 लोग भारत लौटे

खबरें शेयर करें

नई दिल्ली। यूक्रेन पर रूसी हमला होने के बाद से अब तक लगभग 17,000 भारतीयों ने यूक्रेन छोड़ दिया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक इनमें से अब तक 15 उड़ानों में 3,352 लोग भारत भी लौट आए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बुधवार को ये जानकारी दी।
उन्होंने कहा, यूक्रेन छोड़ने वाले भारतीयों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है। अब हम अनुमान लगाते हैं कि हमारी सलाह जारी होने के बाद से लगभग 17,000 भारतीय नागरिक यूक्रेन की सीमाओं को छोड़ चुके हैं।
अरिंदम बागची ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान, 6 उड़ानें भारत में उतरी हैं, जिससे भारत में लैंड हुईं कुल उड़ानों की संख्या 15 हो गई है। इन उड़ानों से लौटने वाले भारतीयों की कुल संख्या 3,352 हो गई है। उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों में 15 उड़ानें निर्धारित हैं। इनमें से कुछ तो रास्ते में हैं। बागची ने कहा कि भारतीय वायु सेना के विमान बुखारेस्ट (रोमानिया) से पहली सी-17 उड़ान के साथ ऑपरेशन गंगा में शामिल हो गए हैं, जिसके आज रात बाद में दिल्ली लौटने की उम्मीद है। बुडापेस्ट (हंगरी), बुखारेस्ट (रोमानिया) और रेजजो (पोलैंड) से आज 3 और आईएएफ उड़ानें शुरू की जाएंगी।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *