रुद्रपुर: अर्थ दंड लगाने में मनमानी पर उतरा नगर निगम

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर । एनएच पर अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर नगर निगम मनमाने ढंग से व्यापारियों पर अर्थ दंड लगा रही है। मनमानी का अंदाज इसी से लगाया जा सकता है कि एक लाख रुपए तक का चालान काट दिया गया। नगर निगम की इस मनमानी को लेकर व्यापारियों में असंतोष है।

पिछले तीन दिन से नगर निगम और प्रशासन की टीम काशीपुर रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रही है। इस दौरान व्यापारियों के चालान भी किए जा रहे हैं। चालान राशि कोई निर्धारित नहीं है। पांच हजार से लेकर एक लाख तक के चालान काट दिए गए जबकि सबका गुनाह तो अस्थाई अतिक्रमण ही है। यहां अफसरों की मनमानी साफ झलकती है।

स्थिति यह है कि एनएच के नाले के पीछे खड़े दोपहिया वाहनों तक का चालान किया जा रहा है। पंजीकृत वाहन स्वामी रोड टैक्स देते हैं और पार्किंग का कोई इंतजाम आज तक नगर निगम और प्रशासन कर नहीं सका है। ऐसे में वाहन स्वामियों से चालान के नाम पर आर्थिक दोहन हो रहा है। सवाल यह है कि यदि किसी प्रतिष्ठान के सामने वाहन खड़े हैं तो प्रतिष्ठान स्वामी को चालान की धमकी कैसे दी जा सकती है।

नगर निगम के इस रवैये से नाराज व्यापारियों ने नगर निगम जाकर विरोध दर्ज कराया। व्यापार मंडल रुद्रपुर के अध्यक्ष संजय जुनेजा और महामंत्री हरीश अरोरा ने कहा कि नगर निगम व्यापारियों का आर्थिक उत्पीड़न कर रहा है, जिसका विरोध किया जाएगा।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *