विदेश भेजने के नाम पर युवती से साढ़े 11 लाख की ठगी, पांच लोगों पर केस दर्ज

खबरें शेयर करें

उधमसिंह नगर जिले के जसपुर खुर्द क्षेत्र में एक युवती और उसके परिवार से विदेश भेजने के नाम पर साढ़े 11 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि फर्जी वीजा, ऑफर लेटर और फीस रसीद दिखाकर युवती को झांसे में लिया गया। मामला अदालत के आदेश पर दर्ज हुआ है, जिसमें दो महिलाओं समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

 

जसपुर खुर्द निवासी रणवीर सिंह ने अदालत में प्रार्थना पत्र दायर कर बताया कि उन्होंने अपनी भांजी अमनप्रीत कौर को उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजने की योजना बनाई थी। इसी क्रम में उनकी मां की पारिवारिक मित्र जसविंदर कौर ने उन्हें अपने भतीजे गुरजंट सिंह (निवासी सिकरौरा, बिलासपुर, रामपुर) से मिलवाया, जो अपनी पत्नी सुखदीप कौर के साथ विदेश भेजने का काम करता है।

 

रणवीर सिंह के अनुसार, गुरजंट सिंह, उसके पिता साहब सिंह चीमा, पत्नी सुखदीप कौर, बुआ जसविंदर कौर और फूफा गुरप्रीत सिंह ने अमनप्रीत को यूके भेजने का भरोसा दिलाया और पासपोर्ट, मार्कशीट व अन्य मूल दस्तावेज ले लिए। इसके बाद युवती को एक फर्जी वीजा थमा दिया गया और ऑस्ट्रेलिया भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई।

 

जब फ्लाइट टिकट बुक करने से पहले वीजा की सत्यता जांची गई तो वह नकली निकला। इस दौरान आरोपियों ने किस्तों में कुल ₹11.50 लाख की रकम हड़प ली। जब पीड़ित परिवार ने ठगी की बात कहकर पैसे लौटाने की मांग की तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।

रणवीर सिंह ने इस संबंध में एसएसपी, डीआईजी, आईजी और मुख्यमंत्री को रजिस्टर्ड डाक से शिकायतें भेजीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंततः अदालत की शरण में जाने पर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


खबरें शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *