पारिवारिक विवाद के बाद राजमिस्त्री ने फांसी लगाकर दी जान, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मूल रूप से कांठ, मुरादाबाद निवासी 30 वर्षीय आशु कुमार पुत्र लक्ष्मण कुमार के रूप में हुई है। आशु पेशे से राजमिस्त्री था और वर्तमान में अपनी पत्नी लक्ष्मी और चार बच्चों के साथ जगतपुरा क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद आशु कुमार ने कमरे के अंदर फंदा बनाया और उसमें लटक गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जब पत्नी लक्ष्मी ने पति को कमरे में फंदे से लटका देखा तो उसके होश उड़ गए और वह जोर-जोर से रोने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल आशु के शव को फंदे से नीचे उतारा।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप कोतवाली के एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
