ममता का खून: 14 करोड़ की जमीन के लिए मां ने रच दी बेटे की हत्या की साजिश, 12 लाख की सुपारी में दिनदहाड़े मर्डर

देहरादून से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। 11 फरवरी की सुबह देहरादून के तिब्बती मार्केट के पास अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की साजिश किसी और ने नहीं, बल्कि उनकी अपनी मां ने रची थी।
घटना के दिन स्कूटी सवार दो बदमाशों ने अर्जुन शर्मा पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गंभीर हालत में उन्हें दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मृतक की मां बीना शर्मा समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
सीसीटीवी फुटेज और नाकेबंदी के आधार पर पुलिस ने दो शूटरों—राजू और पंकज राणा—की पहचान की। रायपुर और डोईवाला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दोनों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से 315 बोर के दो तमंचे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई। पूछताछ में दोनों ने 12 लाख रुपये में हत्या की सुपारी लेने की बात कबूल की।
जांच में सामने आया कि करीब 14 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी डील को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि बीना शर्मा ने जमीन बेचकर आठ करोड़ रुपये ले लिए थे, लेकिन अर्जुन ने कोर्ट से उस बिक्री पर स्टे लगवा दिया। खरीदार को कब्जा न मिलने से विवाद गहराया और इसी के बाद साजिश रची गई।
पुलिस के मुताबिक, बीना शर्मा, डॉ. अजय खन्ना और विनोद उनियाल ने मिलकर शूटरों को तीन लाख रुपये एडवांस दिए थे। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि व्हाट्सएप कॉल डिटेल और मृतक की रेकी जैसे अहम साक्ष्य मिले हैं। फिलहाल सभी आरोपी गिरफ्तार हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
