March 6, 2026

लुटेरी दुल्हन गिरफ्तार: शादी का झांसा देकर लाखों की ठगी और ब्लैकमेलिंग का बड़ा खुलासा

Spread the love

रुद्रपुर पुलिस ने एसएसपी मणिकांत मिश्रा के कुशल निर्देशन में शादी के नाम पर लोगों को ब्लैकमेल और धोखाधड़ी का शातिर रैकेट पकड़ा है। हीना रावत नाम की एक महिला, जो खुद को अलग-अलग नामों से पेश कर करोड़ों की ठगी करती थी, को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला ने अपने प्रेम जाल में फंसा कर पीड़ितों को जान से मारने की धमकी भी दी।

 

6 जून को दीपक कक्कड़ ने कोतवाली रुद्रपुर में शिकायत दर्ज कराई कि एक महिला, जिसने खुद को हाईकोर्ट एडवोकेट अंकिता शर्मा बताया, ने व्हाट्सएप पर प्रेम जाल में फंसा कर 5 लाख रुपये ठगे। बाद में शादी का नाटक कर दीपक के घर रहना शुरू किया और 30 लाख रुपये की मांग करने लगी। पैसे न देने पर जान से मारने और झूठे मुकदमे का डर दिखा कर ब्लैकमेलिंग की।

पुलिस ने देर रात उदय होटल के पास से आरोपी हीना रावत को गिरफ्तार किया। उसके पास से फिरौती की 50 हजार रुपये नकद और एक फर्जी आधार कार्ड बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश में दर्ज कई मुकदमे हैं।

हीना रावत कई अलग-अलग तरीकों से लोगों को ठगती थी। कभी खुद को बिजनेसमैन, कभी रजनीगंधा ब्रांड की ब्रांड एंबेसडर तो कभी ठेकेदार बताकर मोटी रकम वसूलती थी। मैट्रिमोनियल साइट्स पर अविवाहित दुल्हन बनकर प्रेम जाल बिछाकर शादी करती और फिर झूठे मुकदमों के जरिए ब्लैकमेलिंग करती थी।

पूछताछ में हीना ने बताया कि वह विदेश भागने की योजना बना रही थी और इसके लिए 30 लाख रुपये की जरूरत थी। इसलिए उसने दीपक को फंसाया। उसके खिलाफ यूपी और उत्तराखंड के कई थानों में डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे ऐसे शातिर ठगों से सावधान रहें और धोखाधड़ी या ब्लैकमेलिंग की किसी भी सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रकरण से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस की कार्रवाई जारी है।

रुद्रपुर से पुलिस की इस बड़ी सफलता ने लोगों को धोखाधड़ी से बचाने की उम्मीद जगा दी है। आगे भी पुलिस ऐसे अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *