March 2, 2026

कुमाऊं में रोडवेज कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, बस संचालन ठप

Spread the love

रुद्रपुर। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने जुलाई और अगस्त माह का वेतन न मिलने के विरोध में सोमवार से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। हड़ताल के चलते कुमाऊं क्षेत्र के अधिकांश डिपो में बसों का संचालन ठप रहा। रुद्रपुर डिपो परिसर में कर्मचारियों ने सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक धरना प्रदर्शन किया।

कर्मचारी यूनियन ने पूर्व में 29 अगस्त को परिवहन निगम के मंडलीय प्रबंधक (संचालन) को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी थी कि सात सितंबर तक वेतन भुगतान नहीं हुआ तो आठ सितंबर से पूरे कुमाऊं में कार्य बहिष्कार किया जाएगा। रविवार तक वेतन न मिलने के चलते सोमवार से आंदोलन की शुरुआत कर दी गई।

यूनियन के क्षेत्रीय मंत्री मनिंदर सिंह ने बताया कि परिवहन मंत्रालय मुख्यमंत्री के अधीन होने के बावजूद दिसंबर 2023 से नियमित वेतन भुगतान नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार आश्वासन के बाद भी सरकार और विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

हड़ताल के कारण रोडवेज की नियमित 72 में से लगभग 40 बसों का संचालन प्रभावित हुआ है। वहीं 50 अनुबंधित बसों में से अधिकांश बसें भी बंद रहीं, क्योंकि अनुबंधित बस संचालकों को भी भुगतान लंबित है। डिपो को पांच लाख रुपये की दैनिक राजस्व हानि

संचालन ठप होने से रोडवेज डिपो को प्रतिदिन करीब पांच लाख रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। बसें डिपो परिसर में खड़ी हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

निगम ने दिया संचालन बहाल करने का भरोसा

सहायक महाप्रबंधक श्रीराम कौशल ने कहा कि निगम की उपलब्ध बसों से परिवहन सेवा को किसी तरह जारी रखने की कोशिश की जाएगी। व्यवस्था बहाल करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

नौ सितंबर को काठगोदाम मंडलीय कार्यालय में प्रदर्शन

यूनियन ने घोषणा की है कि नौ सितंबर को काठगोदाम स्थित मंडलीय कार्यालय परिसर में धरना दिया जाएगा। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक लंबित वेतन का भुगतान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *