दिनदहाड़े गोलियों की गूंज: हिस्ट्रीशीटर विक्रम शर्मा ढेर, 16 दिनों में पांचवां मर्डर, गैंगवार की आशंका से दहला दून

देहरादून से इस वक्त की बड़ी खबर… राजधानी में एक और सनसनीखेज हत्याकांड ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शुक्रवार 13 फरवरी की सुबह करीब 10 बजकर 15 मिनट पर देहरादून के राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास 45 वर्षीय विक्रम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि विक्रम शर्मा जिम से वर्कआउट कर बाहर निकल रहे थे, तभी दो हमलावर पैदल उनके पास पहुंचे और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। उनका तीसरा साथी बाइक पर बाहर इंतजार कर रहा था, जिस पर सवार होकर तीनों फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद घायल विक्रम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना राजपुर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और एसटीएफ मौके पर पहुंच गई। पूरे इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
एसएसपी अजय सिंह के मुताबिक, मृतक विक्रम शर्मा हिस्ट्रीशीटर था और उस पर 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे। उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस गैंगवार, आपसी रंजिश और कारोबारी विवाद समेत हर एंगल से जांच कर रही है। झारखंड पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है, क्योंकि विक्रम मूल रूप से जमशेदपुर का रहने वाला था।
चौंकाने वाली बात यह भी है कि पुलिस को मृतक के पास से एक पिस्टल बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने साथ हथियार लेकर जिम आया था, लेकिन हमलावरों को देखकर उसे पिस्टल निकालने का मौका तक नहीं मिल सका।
गौरतलब है कि इससे पहले 11 फरवरी को भी देहरादून में 40 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई थी। वहीं, दो दिन पहले गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसका खुलासा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया था।
पिछले 16 दिनों में जिले में पांच हत्याएं हो चुकी हैं, जिससे शहर में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
