फर्जी ईवीसीएल क्रिकेट लीग का भंडाफोड़, SSP नैनीताल ने जालसाज विकास ढाका को किया क्लीन बोल्ड, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के नाम पर 32 लाख की ठगी, काठगोदाम पुलिस गिरफ्तारी बैंक फ्रीज
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम गौलापार, हल्द्वानी में प्रस्तावित एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग (EVCL) के नाम पर की गई बड़ी ठगी का नैनीताल पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने लीग के कथित आयोजक को गिरफ्तार करते हुए उसके दो बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। आरोपी पर दो टीम मालिकों से कुल 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है।
मामले में 5 फरवरी 2026 को हरियाणा और उत्तराखंड से जुड़े दो पीड़ितों ने काठगोदाम थाने में तहरीर दी थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी आयोजक ने ईवीसीएल क्रिकेट लीग के आयोजन और नामचीन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भागीदारी का झांसा देकर उनसे बड़ी रकम वसूल ली। आरोप है कि एक टीम फ्रेंचाइजी के नाम पर 23 लाख और दूसरी टीम के लिए 9 लाख रुपये लिए गए।
शिकायत के आधार पर काठगोदाम थाने में बीएनएस की धारा 318 (4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। इसके बाद 6 फरवरी को आरोपी को काठगोदाम क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि लीग से जुड़ा कोई आधिकारिक लोगो, ड्रेस या प्रचार सामग्री मौजूद नहीं थी। साथ ही जिन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के नाम लिए गए थे, उन्हें आयोजन की कोई जानकारी नहीं थी। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
